संजीव, सोनीपत। एसीबी की टीम ने जमीन की तकसीम, इंतकाल और कब्जा दिलवाने की कार्रवाई के बदले 25 हजार रुपए रिश्वत लेते कानूनगो को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेश कानूनगो (52) के रूप में हुई है। वह तहसील राई के हलके में कानूनगो के पद पर तैनात था। उसके खिलाफ एसीबी रोहतक में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एसीबी मामले की जांच कर रही है। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जमीन के काम के बदले मांगी थी रिश्वत

शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि उसके चाचा की जमीन से जुड़े मामले में नायब तहसीलदार की अदालत से आदेश जारी हो चुके थे। इसके बाद जमीन की तकसीम सनद, इंतकाल और भूमि का कब्जा दिलवाने की कार्रवाई करवाने के लिए वह कानूनगो राजेश से मिला था।

आरोप है कि संबंधित काम करवाने में मदद करने की एवज में कानूनगो ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसलिए उसने इसकी सूचना एसीबी को दी।

शिकायत की पुष्टि के बाद बिछाया ट्रैप

एसीबी इंस्पेक्टर उषा के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद उसकी पुष्टि की गई। इसके बाद नियमानुसार ट्रैप की कार्रवाई की गई।

एसीबी की सोनीपत यूनिट की टीम ने राजेश कानूनगो को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

राजेश कानूनगो हलका तहसील राई में तैनात था। उसके पास सोनीपत और राई दोनों जगह का चार्ज बताया गया है। वह हाल में मलिक कॉलोनी, सोनीपत में रह रहा था।

एसीबी बोली भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

एसीबी के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में एसीबी की जीरो टॉलरेंस की नीति है। भ्रष्टाचार में संलिप्त कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कानून से ऊपर नहीं है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m