फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-31 में शनिवार शाम ई-रिक्शा के नीचे दबने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान उसकी साइकिल ई-रिक्शा से टकरा गई। बच्चे को बचाने की कोशिश में ई-रिक्शा रैंप पर चढ़कर पलट गया और बच्चा उसके नीचे दब गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर के बाहर साइकिल चला रहा था बच्चा
मृतक बच्चे की पहचान सेक्टर-31 निवासी सक्षम रावत के रूप में हुई है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे सक्षम अपने एक दोस्त के साथ घर के बाहर गली में साइकिल चला रहा था। बताया गया है कि एक चक्कर लगाने के बाद सक्षम साइकिल से घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान घर के सामने बने टी-प्वाइंट के पास उसकी साइकिल सामने से आ रहे ई-रिक्शा से टकरा गई।
रैंप पर चढ़ते ही पलटा ई-रिक्शा
सामने आए CCTV वीडियो में घटना का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। बच्चे को बचाने के लिए ई-रिक्शा चालक उसे रैंप की तरफ ले गया। रैंप पर चढ़ने के बाद ई-रिक्शा पलट गया और बच्चा उसके नीचे दब गया। ई-रिक्शा गिरने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।
रिक्शे में रखी थीं पानी की बड़ी बोतलें
पुलिस की जांच में सामने आया है कि ई-रिक्शा में पानी की बड़ी बोतलें रखी हुई थीं। इससे रिक्शे का वजन काफी ज्यादा था। रैंप पर चढ़ने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। चीख-पुकार सुनकर बच्चे के पिता अजय रावत और आसपास के लोगों ने करीब 1-2 मिनट में ई-रिक्शा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन और स्थानीय लोग घायल सक्षम को तत्काल सेक्टर-19 स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
पिता सॉफ्टवेयर इंजीनियर
सक्षम का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद का रहने वाला है। उसके पिता अजय रावत नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। परिवार पिछले कई साल से फरीदाबाद में रह रहा है। घटना के समय बच्चे के पिता घर पर मौजूद थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
जांच अधिकारी एएसआई निजामुद्दीन ने बताया कि ई-रिक्शा चला रहे व्यक्ति को पकड़ लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने पिता अजय रावत की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


