फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर ठगी का एक नया और अनोखा तरीका सामने आया है। यहां एक कपल और उनके साथ आई महिला ने यूपीआई (UPI) का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर शहर की तीन अलग-अलग दुकानों से करीब 25 हजार रुपये के कपड़े ठग लिए। मंगलवार देर शाम घटी इस घटना का बुधवार को सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दुकान के बाहर मंगाया स्कैनर और दिखा दिया फर्जी स्क्रीनशॉट

ठगी का पहला मामला ठाकुरवाड़ा स्थित ‘गर्ग गारमेंट्स एंड संस’ की दुकान पर सामने आया। दुकानदार गोविंद गर्ग के मुताबिक, आरोपी महिला और उसके साथियों ने 4,400 रुपये के 4 नाइट सूट खरीदे। भुगतान के समय आरोपियों ने सेल्समैन से स्कैनर लेकर दुकान के बाहर आने को कहा। बाहर आकर बाइक पर बैठे शख्स ने क्यूआर कोड स्कैन करने का नाटक किया और दुकान के नाम वाला पुराना या फर्जी स्क्रीनशॉट दिखा दिया। सेल्समैन के अंदर जाने के बाद आरोपी तुरंत वहां से रफूचक्कर हो गए।

खाते में नहीं पहुंचे पैसे तो खुला ठगी का राज

दुकानदार गोविंद ने जब कुछ देर बाद अपना बैंक ट्रांजेक्शन चेक किया, तो उसमें 4,400 रुपये का कोई भुगतान नहीं दिखा। इसके बाद जब उन्होंने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की, तो पता चला कि यह गिरोह शहर में लगातार ठगी कर रहा है। पड़ताल में सामने आया कि इसी कपल ने दो अन्य दुकानों को भी अपना शिकार बनाया है।

3 दुकानों से कुल 25 हजार रुपये के कपड़े पार

आरोपियों ने इसी शातिराना तरीके से सेक्टर-37 स्थित एक गारमेंट शॉप से 15 हजार रुपये के कपड़े खरीदे और फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर निकल गए। इसके बाद वे सेक्टर-23 स्थित एक कपड़ों के शोरूम पहुंचे, जहां उन्होंने 6 हजार रुपये की शॉपिंग की और फर्जी पेमेंट दिखाकर सामान लेकर फरार हो गए। इस तरह तीनों दुकानों से कुल 25 हजार रुपये की ठगी की गई।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुटी

पीड़ित दुकानदार गोविंद गर्ग ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को दी है। थाना प्रभारी विष्णु ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना स्थल और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार कपल और उनकी साथी महिला की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m