फरीदाबाद: फरीदाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक के सफर को आसान और तेज बनाने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा तय कर दी है। इस नए रूट पर छोटे वाहन अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे और भारी वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। एनएचएआई ने तैयार हो चुके हिस्सों पर स्पीड लिमिट के संकेतक बोर्ड लगाने शुरू कर दिए हैं।
सीसीटीवी और डिस्प्ले बोर्ड से होगी वाहनों की निगरानी
वाहनों की ओवरस्पीडिंग रोकने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक्सप्रेसवे पर आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। यमुना पार सड़क वाले हिस्से पर गति मापक यंत्र (स्पीड डिटेक्टर) और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस यंत्र से गुजरने वाले वाहनों की लाइव रफ्तार सड़क पर लगे डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर दिखाई देगी। इससे चालक अपनी गाड़ी की गति पर नियंत्रण रख सकेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीसीटीवी के जरिए नज़र रखी जाएगी।
31 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का रूट मैप
करीब 31 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का 24 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा राज्य में आता है, जबकि 7 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश की सीमा में पड़ता है। यह एक्सप्रेसवे फरीदाबाद के सेक्टर-65 से शुरू होता है और यमुना नदी को पार करते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश करता है। इसके पूरी तरह चालू हो जाने से फरीदाबाद और आसपास के इलाकों से जेवर एयरपोर्ट तक सीधी सड़क कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
तैयार हिस्सों में काम लगभग पूरा
एनएचएआई के अनुसार, एक्सप्रेसवे के तैयार हिस्सों में सड़क निर्माण, लाइटिंग, सफेद पट्टियां खींचने और दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड लगाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। सुरक्षा मानकों की जांच के साथ ही ट्रैफिक सिग्नेचर और सर्विलांस सिस्टम को एक्टिव किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बिना किसी रुकावट के तेज और सुरक्षित सफर का अनुभव मिल सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

