फरीदाबाद। मोबाइल की स्क्रीन पर आई खरोंच को लेकर एक महिला पर अपने ही दो छोटे बच्चों की पिटाई करने का आरोप लगा है। मामला फरीदाबाद के नगला पार्ट-2 का है। बच्चों के पिता सेना में नायक के पद पर तैनात हैं और फिलहाल राजस्थान में ड्यूटी पर हैं। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद बच्चों के दादा ने पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की है। उस समय 6 साल की बच्ची मोबाइल चला रही थी। आरोप है कि उसकी मां सोनिया ने मोबाइल देखा तो स्क्रीन पर स्क्रैच दिखाई दिए। इसी बात को लेकर महिला ने बच्ची की पिटाई शुरू कर दी। बच्चों के पिता सतबीर का दावा है कि CCTV फुटेज में महिला बच्ची को लगातार थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है।

बताया गया है कि इसके बाद महिला ने अपने 4 साल के बेटे को भी पीटा। पिता का आरोप है कि बच्ची को करीब 12 सेकेंड में 8 थप्पड़ और बेटे को लगभग 7 सेकेंड में 4 थप्पड़ मारे गए। इस दौरान दोनों बच्चे रोने लगे। आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर पहुंचा और महिला को बच्चों को पीटने से रोकने की कोशिश की।

पिता बोले- पहले भी बच्चों को पीटने का आरोप

बच्चों के पिता सतबीर के मुताबिक, वह वर्ष 2016 में 12वीं कक्षा के बाद सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2019 में उनकी शादी सागरपुर निवासी सोनिया से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। सतबीर का कहना है कि सेना की नौकरी के कारण वह ज्यादातर समय घर से बाहर रहते हैं और उनकी पत्नी बच्चों तथा उनके माता-पिता के साथ रहती है।

सतबीर ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर बच्चों के साथ मारपीट करती रही है। इसी वजह से करीब तीन महीने पहले उन्होंने घर में CCTV कैमरे लगवाए थे। उनका कहना है कि घटना वाले दिन उनके माता-पिता नूंह गए हुए थे और घर में उनकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ मौजूद थी।

मायके वालों पर धमकी देने का भी आरोप

सतबीर ने पत्नी के मायके पक्ष पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों के साथ कथित मारपीट को लेकर जब उन्होंने पत्नी के परिवार से बात की तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। अब उन्होंने बच्चों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

मामले में बच्चों के दादा बिशन सिंह ने पवर्तिया कॉलोनी चौकी में शिकायत दी है। चौकी प्रभारी महेश के मुताबिक, वह फिलहाल बाहर हैं। चौकी पहुंचने के बाद शिकायत की जानकारी लेकर मामले की जांच की जाएगी। बच्चों के पिता ने पुलिस से CCTV फुटेज और पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m