० राजीव कॉलोनी में छत पर सो रहे युवक पर किया था हमला, इलाज के दौरान हुई मौत; देसी कट्टे से वारदात को दिया अंजाम

फरीदाबाद। राजीव कॉलोनी में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच ने वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के विनायकपुर निवासी विपिन यादव 30 जून की रात अपने किराए के मकान की छत पर सो रहा था। इसी दौरान उसके सिर में गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां 2 जुलाई की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले को हत्या में तब्दील कर संबंधित धाराएं जोड़ दीं।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

एसीपी अमन यादव ने बताया कि तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद 3 जुलाई को मुख्य आरोपी विजय (28) निवासी मैनपुरी एवं वर्तमान निवासी इटावा को जेसीबी चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता महिला पिछले 7-8 वर्षों से आरोपी विजय के साथ रह रही थी। हालांकि पिछले 2-3 वर्षों से उसका संपर्क विपिन यादव से हो गया था। महिला ने आरोपी के साथ गांव लौटने से इनकार कर दिया और फरीदाबाद में ही रहने लगी। इसी बात से नाराज होकर विजय ने बदला लेने की योजना बनाई।

6 हजार में खरीदा था देसी कट्टा

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 30 जून की रात देसी कट्टे से छत पर सो रहे विपिन यादव के सिर में गोली मार दी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और दो कारतूस उसने करीब 6 हजार रुपये में खरीदे थे। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।