फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-65 में निर्माण स्थल के सामने सड़क किनारे सो रहे बिहार के दो चचेरे भाइयों की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा प्लॉट पर मिट्टी डालने आए डंपर को आगे-पीछे करते समय चालक की लापरवाही के कारण हुआ। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बीके अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के पश्चिम अजीमगंज निवासी बादल मांझी (22) और करण कुमार (23) के रूप में हुई है।
25 अगस्त को किया था हिसाब, रात को लौटे वापस
पुलिस के अनुसार, ऊंचा गांव निवासी ठेकेदार संजय यादव सेक्टर-65 स्थित प्लॉट नंबर 2969 में मकान निर्माण का काम करवा रहा है। बादल और करण करीब 10-15 दिनों से वहां मजदूरी कर रहे थे। 25 अगस्त को दोनों का ठेकेदार के साथ हिसाब हो गया था, जिसके बाद वे चले गए थे। हालांकि, अगले दिन रात में वे दोबारा निर्माण स्थल के पास पहुंचे और प्लॉट के सामने सड़क किनारे ही सो गए।
मिट्टी खाली करते समय हुआ हादसा
रात के समय मिट्टी से भरा एक डंपर निर्माण स्थल पर पहुंचा। चालक डंपर से मिट्टी खाली करने के लिए वाहन को आगे-पीछे कर रहा था। इसी दौरान सड़क पर सो रहे दोनों भाई डंपर के पहियों के नीचे आ गए और उनके पैर बुरी तरह कुचल गए।
एम्स से लौटना पड़ा, अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद घायल बादल ने किसी तरह ठेकेदार को फोन करके जानकारी दी। ठेकेदार तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों को बीके अस्पताल ले गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली एम्स ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां भर्ती न हो पाने के कारण उन्हें वापस बीके अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई।
अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज
जांच अधिकारी धर्मेंद्र ने बताया कि मृतकों के पास मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई और स्वजन को सूचना दे दी गई है। ठेकेदार की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार चालक और डंपर की तलाश कर रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाना बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


