फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित रेलवे रोड पर संचालित स्पा सेंटर पर शनिवार को पुलिस ने करीब 6 घंटे तक छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिस ने स्पा सेंटर से 7 महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फरीदाबाद। एनआईटी-5 स्थित रेलवे रोड पर संचालित नमस्ते फैमिली स्पा में शनिवार को पुलिस ने करीब 6 घंटे तक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है और यहां नशे से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित हो रही हैं।
सूचना के आधार पर दोपहर करीब 1 बजे एनआईटी थाना पुलिस और महिला थाना एनआईटी की टीम ने संयुक्त रूप से स्पा सेंटर पर छापेमारी की। पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर सभी कमरों की तलाशी ली और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
7 महिलाएं और एक युवक हिरासत में
करीब 6 घंटे चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर से 5 युवतियों और 2 महिलाओं समेत कुल 7 महिलाओं को हिरासत में लिया। इसके अलावा स्पा सेंटर में काम करने वाले एक युवक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई महिलाओं में से एक महिला अपने साथ करीब 8 से 9 साल की बच्ची को भी लेकर आई थी। बच्ची की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस उसके संबंध में भी सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
स्पा सेंटर से आपत्तिजनक सामान और रिकॉर्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर से कई आपत्तिजनक सामान मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा स्पा सेंटर के रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
अब पुलिस इन रिकॉर्ड के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर कब से संचालित हो रहा था और इसके संचालन में किन-किन लोगों की भूमिका थी।
देह व्यापार और नशे की गतिविधियों की जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि स्पा सेंटर की आड़ में महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा था। इसके अलावा यहां नशा बेचे जाने की सूचना की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
एनआईटी थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। करीब 6 घंटे चली रेड के बाद 5 युवतियों, 2 महिलाओं और एक युवक से पूछताछ की जा रही है।
स्पा संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी
पुलिस के अनुसार, स्पा संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


