फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-21C में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोनू शर्मा ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पार्किंग और कुत्ता पॉटी कराने को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग में कुत्ते को पॉटी कराने और गाड़ी पार्क करने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। 4-5 दिन पहले भी आरोपी मोनू और परमजीत के बेटे शौर्य के बीच झगड़ा हुआ था, हालांकि तब मामला सुलझ गया था। शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे और अपनी तय जगह पर खड़ी मोनू की गाड़ी को हटाने के लिए कहा, तो विवाद बढ़ गया और मोनू ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे भारत

परमजीत धनखड़ मूल रूप से सिंगापुर में रहते थे और 5 नवंबर को ही भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था। वारदात के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। परमजीत के बेटे शौर्य की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

आरोपी परिवार के 5 लोगों पर केस दर्ज

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर आरोपी मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी और उसके परिवार की तलाश में जुटी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m