जींद: हरियाणा के जींद जिले के नरवाना क्षेत्र स्थित कालवन गांव में चोरी के शक में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़कर लात-घूंसों से जमकर पीट दिया। इस भीषण पिटाई में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी बेहोश हो गए। घटना के बाद आरोपी ग्रामीण तीनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
खेतों में निगरानी के दौरान पकड़े गए थे युवक
नरवाना क्षेत्र के खेतों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीण सतर्क थे और रात में खेतों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान 5 नवंबर को कालवन गांव के खेतों में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया और रेलवे यार्ड के पास ले गए। वहां पूछताछ के दौरान भीड़ का गुस्सा बढ़ गया और लोगों ने लात-घूंसों से उनकी पिटाई शुरू कर दी।
बिहार के रहने वाले हैं तीनों पीड़ित
पिटाई के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से बिहार के भीत भगवापुर निवासी आशीष मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी बेसुध होकर गिर पड़े। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नरवाना अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान बिहार के नालंदा स्थित बेगमपुर निवासी अमन और सेंनथली टोला निवासी कैलाश उर्फ बबलू के रूप में हुई है। मृतक आशीष का शव जींद अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।
30 से ज्यादा ग्रामीणों पर एफआईआर दर्ज
गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि घायल कैलाश उर्फ बबलू की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में कालवन गांव के 30-35 लोगों पर पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने 30 से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल मृतक के परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

