गुरुग्राम: ग्रीन पटाखों की निर्धारित श्रेणी से बाहर के पटाखे बेचने और तय स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर दुकानें लगाने वालों के खिलाफ गुरुग्राम जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बीते दो दिनों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 41 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं और कई क्विंटल पटाखे जब्त किए गए हैं। बाजारों, दुकानों और गोदामों में जांच के लिए 53 पुलिस टीमों को लगाया गया है।
विभिन्न इलाकों में छापेमारी, जब्त पटाखे पानी में भिगोकर नष्ट किए गए
प्रशासनिक टीमों ने बादशाहपुर, सेक्टर-56, पटौदी रोड, मानेसर, फर्रुखनगर और सोहना सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। सोहना में एसडीएम अखिलेश यादव ने चार एफआईआर दर्ज करवाकर 25 किलो पटाखे जब्त किए। फर्रुखनगर में एसडीएम दिनेश कुमार की टीम ने मानकों का उल्लंघन करने वाली दो दुकानों को सील कर दिया और संचालकों पर एफआईआर दर्ज करवाई। वहीं, पटौदी रोड पर एसडीएम हितेंद्र कुमार की टीम ने 1.2 क्विंटल प्रतिबंधित पटाखे जब्त कर उन्हें पानी में भिगोकर नष्ट कराया। सेक्टर-56 मार्केट में भी एसडीएम संजीव सिंगला की टीम ने अवैध पटाखे जब्त कर एफआईआर की कार्रवाई शुरू की है।
डीसी के सख्त निर्देश और बिना लाइसेंस पटाखे बरामद
गुरुग्राम के डीसी उत्तम सिंह ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। छापेमारी के दौरान बिना लाइसेंस और परमिट बिक्री के लिए रखे गए ज्वलनशील एवं विस्फोटक पटाखे भी बरामद किए गए हैं।
वर्क फ्रॉम होम नियम तोड़ने वाले संस्थानों को नोटिस
वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों का पालन भी जांचा जा रहा है। निर्धारित वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था का पालन न करने वाले संस्थानों और संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े निर्देशों की अवहेलना पर निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

