फरीदाबाद। दिल्ली के एक 18 वर्षीय युवक के साथ फरीदाबाद में बर्बरता और बंधक बनाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक को जन्मदिन की पार्टी के बहाने दिल्ली से फरीदाबाद लेकर आए थे, जिसके बाद उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और रूह कंपा देने वाली यातनाएं दी गईं। पीड़ित को जबरन पेट्रोल पिलाने और उसके गुप्तांग में भी पेट्रोल डालने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
बर्थडे पार्टी के बहाने फरीदाबाद लाया था पड़ोसी
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान यश के रूप में हुई है, जो दिल्ली के अलीगांव इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि बीती 8 सितंबर को यश के पड़ोस में रहने वाला लक्की नाम का युवक उसे जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने की बात कहकर अपने साथ फरीदाबाद के धीरज नगर स्थित एक मकान पर ले आया था। रात में पार्टी खत्म होने के बाद आरोपियों ने यश को यह कहकर रोक लिया कि वह अगली सुबह घर लौट जाए।
चोरी के शक में दी गई ‘थर्ड डिग्री’ यातनाएं
आरोप है कि अगली सुबह कमरे में मौजूद कुछ लोगों ने यश को घेर लिया और अपनी पिस्टल व अंगूठी गायब होने को लेकर पूछताछ शुरू कर दी। यश द्वारा जानकारी होने से इनकार करने पर आरोपी भड़क गए। उन्होंने यश को एक कमरे में बंद कर दिया और कई दिनों तक उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए आरोपियों ने युवक को जबरन पेट्रोल पिलाया और उसके गुप्तांग में भी पेट्रोल डाल दिया।
सीक्रेट लोकेशन से ऐसे बची जान
कई दिनों तक नरक जैसी यातनाएं झेल रहे यश को अचानक कमरे में एक मोबाइल फोन मिल गया। मौका पाकर उसने तुरंत अपनी लाइव लोकेशन अपने भाई और बहन को व्हाट्सएप पर भेज दी। यश का भाई पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में भटक रहा था। लोकेशन मिलते ही वह तुरंत पुलिस टीम को साथ लेकर फरीदाबाद के धीरज नगर स्थित उस मकान पर पहुंच गया, जहाँ पुलिस ने दबिश देकर यश को सकुशल मुक्त कराया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, ERV-206 (आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन) को सूचना मिली थी कि धीरज नगर के एक मकान में एक युवक को बंधक बनाकर उसके साथ गंभीर मारपीट की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने युवक को छुड़ाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पीड़ित युवक से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है और शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



