फरीदकोट : फरीदकोट के ग्रामीण क्षेत्र माई गोदड़ी साहिब स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेगबहादुर सिमरन में बड़ी आगजनी की घटना सामने आई है. जानकारी सामने आई है कि रविवार देर शाम अचानक आग लगी जिससे गुरुद्वारा साहिब के हॉल में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग संगत के लोग सक्रिय हो गए और आग को बुझाने का हर संभव प्रयास करते नजर आए.

जैसे ही आग की खबर लोगों में पहुंची सभी मदद के लिए समाने आए, अच्छी बात यह रही की सबसे पहले संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप तथा गुटका साहिब को पूरी श्रद्धा के साथ सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी भी प्रकार की बेअदबी होने से बचाव हो गया. यह कार्य संगत की तत्परता और सूझबूझ के चलते हुआ.

यहां पहुंचा नुकसान

आग की चपेट में आने से गुरुद्वारा साहिब के हॉल में रखे कई सामान को नुकसान पहुंचा है. कई सामान तो जल कर खाक भी हो गया. बिस्तर, एयर कंडीशनर (एसी), फॉल्स सीलिंग, बिजली की फिटिंग तथा अन्य कीमती सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. लगातार पानी छोड़ने से समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया तथा आग को गुरुद्वारा साहिब के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया.

शॉट सर्किट हो सकता है कारण

आपको बता दें कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है., जिससे आगे ऐसी स्थिति ना बन पाए. प्रशासन द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

आपको बता दें कि गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी द्वारा सूचना दिए जाने पर गांव के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया. घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में चिंता का माहौल बना रहा, लेकिन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से संगत ने हर तरफ तारीफ हो रही है.