फरीदकोट। फरीदकोट के मचाकी मल्ल सिंह वाला पुल के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ सरहिंद नहर में नहाने गया 14 वर्षीय एक स्कूली छात्र पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, पीड़ित परिवार और गोताखोरों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बच्चे की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
भीषण गर्मी से राहत पाने दोस्तों के साथ गया था नहर
मिली जानकारी के अनुसार, नहर में बहे छात्र की पहचान फरीदकोट के गुरु तेग बहादुर नगर निवासी नीरज बजाज उर्फ सहज के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा का छात्र था। इन दिनों स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण नीरज अपने कुछ दोस्तों के साथ मचाकी मल्ल सिंह वाला पुल के पास खेलने गया था। इसी दौरान भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए वे सभी नहर में नहाने उतर गए।
लोगों ने बचाने की कोशिश की, पर तेज था बहाव
चश्मदीदों के मुताबिक, जब नीरज नहर में नहा रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख जब उसके दोस्तों ने शोर मचाया, तो पास के खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की काफी जद्दोजहद की, लेकिन नहर में पानी का बहाव इतना तेज था कि नीरज देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे की खबर मिलते ही थाना सिटी फरीदकोट की पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। छात्र को ढूंढने के लिए पेशेवर गोताखोरों की मदद ली जा रही है। नहर के किनारों और आगे के इलाकों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक नीरज का कुछ पता नहीं चल पाया था।

क्या कहती है पुलिस?
मामले की जानकारी देते हुए थाना सिटी फरीदकोट के एसएचओ (SHO) राजवंत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत एक्शन में आ गई थी। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से पूरी नहर को खंगाला जा रहा है। पुलिस प्रशासन मामले को पूरी गंभीरता से ले रहा है और बच्चे को सुरक्षित ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
- हाईकोर्ट का सख्त निर्देश, थानों में CCTV फुटेज की नियमित मॉनिटरिंग और पर्याप्त स्टोरेज करें सुनिश्चित, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
- दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का भविष्य हैं छात्र: CEC ज्ञानेश कुमार
- इस उम्र में ऐसा जज्बा? ऋषिकेश से बदरीनाथ धाम के लिए पैदल रवाना हुए 25 बुजुर्ग, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
- पति को कॉल कर बोली- ‘मैं नर्मदा पुल पर खड़ी हूं’… फिर 27 वर्षीय महिला ने लगाई छलांग, बेसुध हुआ पति
- CM नायब सैनी को काले झंडे दिखाने के बाद लापता दोनों कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुरुग्राम में पेश, जमानत मिली


