० ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से 65 वर्षीय किसान की गई जान, पोती की शादी से पहले मातम में बदला घर का माहौल
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के ठसका मीरांजी गांव में एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय किसान जरनैल सिंह की ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) और लाइनमैन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में शादी की तैयारियों के बीच छाया मातम
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब किसान ट्रांसफॉर्मर के संपर्क में आ गए और उन्हें जोरदार करंट लग गया। गंभीर हालत में उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार ने बताया कि पिछले महीने ही जरनैल सिंह की पोती का रिश्ता तय हुआ था और तीन-चार महीने बाद शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
अधिकारियों के खिलाफ होगी क़ानूनी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा विभागीय लापरवाही का नतीजा था या नहीं। यदि जांच में लापरवाही साबित होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


