अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में शुक्रवार को करनाल में किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर इस डील को रद्द करने की मांग की।
सुमन चौहान, करनाल। अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर किसानों का विरोध अब तेज होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को करनाल में किसानों ने प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं करनाल के सांसद मनोहर लाल खट्टर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई का भी विरोध जताया।

ट्रेड डील रद्द करने की मांग
करनाल में विभिन्न किसान संगठनों के बैनर तले किसान एकत्रित हुए और अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील को रद्द करने की मांग उठाई। किसानों का कहना था कि यदि यह डील लागू होती है तो इसका सीधा असर देश के किसानों और कृषि क्षेत्र पर पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।
प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद किसानों ने केंद्रीय मंत्री एवं करनाल के सांसद मनोहर लाल खट्टर के प्रतिनिधि के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि उनकी मांगों को केंद्र सरकार तक गंभीरता से पहुंचाया जाए और ट्रेड डील पर पुनर्विचार किया जाए।


