० भाकियू (टिकैत) के बैनर तले प्रदर्शन, 10 जून तक सभी लंबित कनेक्शन जारी करने का आश्वासन

परवेज खान, यमुनानगर। छछरौली में ट्यूबवेल कनेक्शन की समस्या को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (राकेश टिकैत गुट) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने बिजली निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से आवेदन और स्वीकृति मिलने के बावजूद विभागीय लापरवाही के कारण ट्यूबवेल कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे खेती और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान बिजली निगम कार्यालय किसानों के नारों से गूंज उठा। किसानों ने अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों और बिजली निगम अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।

पोल नहीं लगे, इसलिए नहीं मिले कनेक्शन

किसानों का कहना है कि कई ट्यूबवेल कनेक्शन स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन विभाग द्वारा बिजली के पोल नहीं लगाए गए। इसी वजह से किसानों को अब तक बिजली सुविधा नहीं मिल सकी। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

बिजली विभाग ने माना विलंब

किसानों के विरोध के बाद बिजली निगम के एसडीओ पुष्पेंद्र मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने स्वीकार किया कि विभागीय स्तर पर देरी हुई है और किसानों की समस्या जायज है।

एसडीओ ने आश्वासन दिया कि संबंधित क्षेत्रों में पोल लगाने का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया गया है और 10 जून तक सभी लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन जारी कर दिए जाएंगे।

किसान नेता ने दी चेतावनी

किसान नेता मान सिंह ने कहा कि यदि विभाग समय पर कार्रवाई करता तो किसानों को प्रदर्शन के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 10 जून तक वादा पूरा नहीं हुआ तो किसान फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे।

10 जून पर टिकी निगाहें

फिलहाल बिजली विभाग के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया है और मामला शांत हो गया है। हालांकि अब किसानों की निगाहें 10 जून की तय समय सीमा पर टिकी हैं। यदि विभाग अपने वादे पर खरा नहीं उतरा तो क्षेत्र में एक बार फिर आंदोलन की चिंगारी भड़क सकती है।