गुरुग्राम के फर्रुखनगर क्षेत्र में आपसी कहासुनी के बाद एक होटल पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को दबोचा है जिनसे पूछताछ जारी है।
सुशीला देवी, गुरुग्राम। फर्रुखनगर क्षेत्र में आपसी कहासुनी के बाद युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान खेड़ा खुर्रमपुर निवासी मनीष उर्फ बच्ची (30) और झज्जर के जहदपुर निवासी अनिल (30) के रूप में हुई है, जबकि एक आरोपी नाबालिग है।
शराब पार्टी में कहासुनी
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि 3 जुलाई की रात उसके चाचा खेत में गए थे, जहां मनीष और उसके साथी शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई। अगले दिन शिकायतकर्ता पक्ष मनीष को समझाने उसके घर पहुंचा, लेकिन वहां भी विवाद बढ़ गया।
होटल पर बोला धावा
आरोप है कि 4 जुलाई को मनीष ने अपने साथियों के साथ योजना बनाकर फर्रुखनगर-फाजिलपुर रोड स्थित शिकायतकर्ता के होटल पर धावा बोल दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के आधार पर थाना फर्रुखनगर में मामला दर्ज किया गया।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
थाना फर्रुखनगर और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने 8 जुलाई को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि अनिल ने होम्योपैथी में डिप्लोमा किया हुआ है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

