तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के माध्यमिक शाला भदनपुर से छुट्टी के बाद हुई एक घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। लगातार बारिश के कारण जलमग्न सड़क पार करते समय पहली कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र तेज बहाव में बह गया। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से बच्चे की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार विद्यालय की छुट्टी होने के बाद छात्र अपनी बहन के साथ अन्य छात्रों सहित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूल के पास बारिश का पानी सड़क पर भर गया था और पानी का बहाव काफी तेज था। सड़क पार करते समय मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिरकर बहाव के साथ पुल के अंदर ढोला में चला गया। 

READ MORE: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के बाहर प्रदर्शन पड़ा भारी: पांडे दंपति भेजे गए जेल, इस वजह से पुलिस ने की कार्रवाई   

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बच्चे को बहते देख तत्काल दौड़कर उसे बाहर निकाला। समय रहते किए गए इस प्रयास से बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। लोगों ने कहा कि जाको राखें साईंया मार सके न कोय। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जलभराव और तेज बहाव के बीच बच्चे के बहने तथा ग्रामीणों द्वारा उसे बचाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। घटना ने स्कूलों के आसपास जलभराव और विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

READ MORE: मां बगलामुखी मंदिर में अव्यवस्था, लाखों श्रद्धालु परेशान; व्यवस्था पर उठे सवाल

इस संबंध में जब विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) आनंद शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बारिश के मौसम में जलभराव वाले मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं और स्कूलों के आसपास जोखिम वाले स्थानों की निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m