फतेहाबाद/सिरसा। गुरुग्राम से अपने घर सिरसा लौट रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नई कार को नेशनल हाईवे पर एक ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी. यह हादसा फतेहाबाद और हिसार जिले की नजदीकी सीमा पर स्थित भोड़ा होशनाक गांव के पास वीरवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा टूटकर अलग हो गया और कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन एयरबैग खुलने से इंजीनियर बाल-बाल बच गए.
दो महीने पहले ही खरीदी थी नई टाटा सियारा
सिरसा के बरनाला रोड निवासी दीपेश गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. दीपेश ने करीब दो महीने पहले ही नई टाटा सियारा गाड़ी खरीदी थी. वीरवार अल सुबह वह अपनी गाड़ी से गुरुग्राम से सिरसा स्थित अपने घर के लिए निकले थे. वे हिसार और फतेहाबाद होते हुए नेशनल हाईवे से सिरसा की तरफ जा रहे थे.
साइड से आ रहे ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
जब दीपेश फतेहाबाद के गांव भोड़ा होशनाक के पास पहुंचे, तभी साइड से एक ट्रैक्टर आ गया. दीपेश ने ट्रैक्टर को बचाने की कोशिश करते हुए अपनी गाड़ी को घुमाया, लेकिन ट्रैक्टर चालक ने सीधे उनकी गाड़ी को कंडक्टर साइड से टक्कर मार दी. हादसे में ट्रैक्टर का अगला हिस्सा टूटकर अलग हो गया और कार साइड से क्षतिग्रस्त हो गई. गाड़ी के एयरबैग तुरंत खुल जाने के कारण दीपेश पूरी तरह सुरक्षित रहे.
हादसे में कोई घायल नहीं, हाईवे पर लगा जाम
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई. दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ जुट गई, जिससे नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी और ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

