कुलदीप सिंह फतेहपुर, फतेहपुर. ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित जामा मस्जिद के मौलवी पर 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर एक साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बता दें कि फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र स्थित बंथल शाहपुर निवासी अब्दुल समद करीब दो साल पहले इस गांव की जामा मस्जिद में मौलवी के रूप में आया था. वह मस्जिद के पास संचालित मदरसे में बच्चों को दीनी तालीम दे रहा था. इसी मदरसे में 15 वर्षीय छात्रा भी पढ़ने आती थी. आरोप है कि करीब एक साल पहले मौलवी ने छात्रा से नजदीकियां बढ़ाईं और उसे शादी का झांसा देकर उसका लगातार शारीरिक शोषण करता रहा. वह किसी न किसी बहाने से उसे मस्जिद और मदरसे के कमरे में बुलाता था.
इसे भी पढ़ें : जिम के बाहर पत्नी और प्रेमिका का हाईवोल्टेज ड्रामा, सड़क पर हुई जमकर मारपीट, वीडियो वायरल
रविवार देर रात आरोपी मौलवी छात्रा को लेकर वहां से भागने की फिराक में था. इसी दौरान जब छात्रा घर से गायब मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान परिजनों ने मौलवी को छात्रा के साथ मुख्य सड़क की ओर जाते हुए देख लिया. परिजनों द्वारा शोर मचाए जाने पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई. ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को भांपते हुए आरोपी मौलवी ने खुद डायल-112 पर फोन करके पुलिस को मौके पर बुला लिया.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी मौलवी अब्दुल समद को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है.

