मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी. ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति को कथित तौर पर प्रेमिका के साथ देख लिया, जिसके बाद सड़क पर जमकर हंगामा हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- आजम खान पर ED रेड से भड़के अखिलेश, बोले- ‘यूनिवर्सिटी बनाने वालों पर कार्रवाई, भ्रष्टाचारियों पर चुप्पी क्यों?’

पति की हरकतों पर था शक, जिम के बाहर पहुंची पत्नी

जानकारी के मुताबिक, शिवपुरम निवासी महिला को काफी समय से अपने पति की गतिविधियों पर शक था. महिला का आरोप है कि उसका पति सुपरटेक पाल्म ग्रीन सोसाइटी के पास स्थित एक जिम में अक्सर जाता था, जहां उसकी एक अन्य महिला से नजदीकियां बढ़ गई थीं. बुधवार को महिला को पति के जिम में होने की जानकारी मिली. इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंच गई. वहां पति और दूसरी महिला को देखकर महिला ने सवाल-जवाब शुरू कर दिए. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और सड़क पर हंगामा शुरू हो गया.

दोनों महिलाओं में हुई जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिम के बाहर पहले पति-पत्नी और दूसरी महिला के बीच बहस हुई. इसके बाद दोनों महिलाओं में मारपीट शुरू हो गई. वायरल वीडियो में दोनों महिलाएं एक-दूसरे को धक्का देती और बाल खींचती नजर आ रही हैं. हंगामा बढ़ने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. इसी दौरान किसी राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

पत्नी का आरोप- पति ने प्रेमिका का दिया साथ

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उसके पति ने भी दूसरी महिला का साथ दिया. महिला का कहना है कि जब उसने पति से रिश्तों को लेकर सवाल किया तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई. वहीं, घटना में शामिल दूसरे पक्ष की ओर से अभी कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- मस्त प्लान था! पैसों से भरा लिफाफा छीनकर भागा बंदर, फिर पुलिस ने जो ट्रिक अपनाया जानकर रह जाएंगे हैरान

पुलिस खंगाल रही वीडियो फुटेज, कार्रवाई जांच के बाद

ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.