मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. कोतवाली नगर क्षेत्र के सिविल लाइन चौकी इलाके में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां चोर नहीं बल्कि बंदर ने दिनदहाड़े लूट कर ली. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंदर के पास से बड़ी आसानी से पैसों से भरा लिफाफा वापस ले लिया.

इसे भी पढ़ें- ड्यूटी पर जिंदगी कुर्बानः ट्रेलर और पुलिस की कार के बीच जोरदार भिड़ंत, दरोगा की उखड़ी सांसें, कांस्टेबल गंभीर घायल

जानकारी के मुताबिक थाना कैंट के भिखनपुर निवासी अंजू देवी कहीं जा रही थीं, तभी एक बंदर अचानक उनका 42,105 रुपये से भरा लिफाफा लेकर भाग गया और पास के एक पेड़ पर जा बैठा. महिला के शोर मचाने पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने बंदर से रुपये छीनने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नोटों को छोड़ने को तैयार नहीं था.

इसे भी पढ़ें- 27 के लिए सीट पर सियासतः अखिलेश के बयान पर आशीष पटेल का करारा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो को लेकर ऐसा क्या कहा?

वहीं मामले की सूचना पर सिविल लाइन चौकी से उपनिरीक्षक अशोक कुमार, पंकज सिंह समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची. भीड़ को हटाकर पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया. बंदर को डराने या पकड़ने की जगह पुलिसकर्मियों ने बाजार से केला मंगवाया और बंदर के सामने डाल दिया. केला देखते ही बंदर का ध्यान रुपयों से हटा और जैसे ही उसने नोटों को छोड़ा, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरी रकम बरामद कर ली. बाद में नोटों की पहचान कर पूरी रकम 42,105 रुपये अंजू देवी को सकुशल लौटा दी गई.