लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है. अखिलेश यादव द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर अपना दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अपना दल ट्वीट और रीट्वीट का खेल नहीं खेलता, बल्कि जमीन पर जनता के बीच काम करने और गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने में विश्वास रखता है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश के सीट बंटवारे वाले बयान पर भड़के ओपी राजभर… बोले- ‘गठबंधन बचाइए, दूसरों की चिंता छोड़िए’

दरअसल, एक दिन पूर्व अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपने सहयोगी दलों को साथ बनाए रखने के लिए सीट बंटवारे की योजना पर काम कर रही है. अखिलेश ने सूत्रों के हवाले से आरएलडी को 73, सुभासपा को 39, निषाद पार्टी को 31 और अपना दल को 19 सीटें दिए जाने की संभावित योजना का जिक्र किया.

अखिलेश यादव ने इसे पीडीए के दबाव का असर बताते हुए कहा कि सीटों का यह प्रस्ताव भी पीडीए की जनसंख्या के अनुपात में आधे से कम है और इसलिए बीजेपी का यह प्लान असफल होगा. अखिलेश के इस दावे पर आशीष पटेल ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब देते हुए कहा कि अपना दल ‘ट्वीट और रीट्वीट’ का खेल नहीं खेलता. उन्होंने एनडीए के पक्ष में माहौल होने का दावा करते हुए कहा कि एनडीए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- फिर मुश्किल में आजम खान! रामपुर, दिल्ली समेत 10 ठिकानों पर ED की छापेमारी, जौहर यूनिवर्सिटी जांच के केंद्र में

उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि शायद इसी हकीकत से परेशान होकर दूसरे दलों के शब्दों को अफवाह बताने वाले लोग खुद ही अफवाहों के वाहक बनते जा रहे हैं. जनता सब देख रही है और 2027 में अपना स्पष्ट जनादेश देने जा रही है.