लखनऊ. उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बयानबाजी तेज हो गई है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और यूपी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है.

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें सपा प्रमुख ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर सवाल उठाए थे. राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें एनडीए की चिंता करने के बजाय अपना गठबंधन संभालने पर ध्यान देना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- ‘प्रदेश की समस्याओं की जड़ भाजपा’… अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला, 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

‘अपना गठबंधन बचाइए, हमारी सीटों की चिंता मत कीजिए’

ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अखिलेश यादव को पहले अपना इंडिया गठबंधन संभालना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दूसरों की सीटों का गणित लगाने से पहले कांग्रेस को मनाने और अपने गठबंधन को बचाने की चिंता करनी चाहिए. राजभर ने लिखा, “अपना इंडी अलायन्स तो चल नहीं पा रहा है और दूसरों की सीट बांट रहे हैं. गजब मसखरे हैं महाराज आप.” उन्होंने कहा कि एनडीए में सीटों का फैसला भाजपा और सहयोगी दल आपस में बातचीत करके करेंगे. इसकी चिंता अखिलेश यादव को करने की जरूरत नहीं है.

अखिलेश ने एनडीए सीट बंटवारे पर कसा था तंज

दरअसल, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया था कि भाजपा यूपी विधानसभा चुनाव में अपने सहयोगी दलों को सीटें देने की योजना बना रही है. उन्होंने इसे पीडीए के दबाव का असर बताया था. अखिलेश यादव ने आरएलडी, सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल को लेकर सीटों का अनुमान भी साझा किया था. उन्होंने कहा था कि भाजपा अपनी हार को देखते हुए सहयोगी दलों को साधने की कोशिश कर रही है. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर हमला बोला था.

राजभर ने गिनाई अखिलेश के सामने चुनौतियां

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें कई मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने तंज कसा कि सपा प्रमुख को पहले यह सोचना चाहिए कि गठबंधन कैसे बचाना है, कांग्रेस को कैसे साथ रखना है और पार्टी के अंदर की चुनौतियों से कैसे निपटना है. उन्होंने परिवार और संगठन से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा. राजभर ने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से चुनाव नहीं जीते जाते.

‘माइंड गेम से हमारा गेम नहीं बिगड़ेगा’

ओपी राजभर ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और आने वाले विधानसभा चुनाव में गठबंधन मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा. उन्होंने कहा, “हम लोग एक थे, एक हैं और एक रहेंगे. अगले साल चुनाव है, फिर जीतेंगे और जनता की सेवा करेंगे.” राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के राजनीतिक हमलों और रणनीति से एनडीए के सहयोगी दलों पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

इसे भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में आने वाला है बंपर निवेश, मिलेगी नौकरी! जापानी निवेशकों से मिलकर बोले CM योगी- UP में अपार संभावनाएं

2027 चुनाव से पहले तेज हुई सियासी बयानबाजी

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा, सपा और अन्य दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं. एनडीए में सीट बंटवारे का अंतिम फैसला भाजपा और सहयोगी दलों की बातचीत से होगा, जबकि विपक्षी इंडिया गठबंधन में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है. ऐसे में चुनाव से पहले सीटों, गठबंधन और राजनीतिक समीकरणों को लेकर बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है.