लखनऊ. उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में योगी सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है. यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026 में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिल्ली पहुंचे. यहां उन्होंने जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी के नेतृत्व में आए जापानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की.

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं हैं और राज्य जापानी निवेशकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि भारत-जापान के मजबूत संबंधों को उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसरों में बदलना सरकार की प्राथमिकता है.

इसे भी पढ़ें- ‘प्रदेश की समस्याओं की जड़ भाजपा’… अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला, 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

200 से ज्यादा जापानी कारोबारी नेता पहुंचे भारत

यूपी जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026 के लिए जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी के नेतृत्व में 200 से अधिक जापानी सीईओ, कारोबारी नेता और उद्योग प्रतिनिधि भारत पहुंचे हैं. नई दिल्ली में आयोजित स्वागत रात्रिभोज के साथ पांच दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई. कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया. इस दौरान यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी का जन्मदिन भी मनाया गया. भारत और जापान के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई.

यूपी निवेश के लिए बेहतर केंद्र बनकर उभर रहा: पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-जापान के मजबूत होते आर्थिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जापानी कंपनियों के वैश्विक विस्तार और नए निवेश के लिए एक बेहतर केंद्र के रूप में उभर रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल मानव संसाधन और निवेश के अनुकूल माहौल उपलब्ध है, जिससे विदेशी कंपनियों के लिए राज्य आकर्षण का केंद्र बन रहा है.

इन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर होगी चर्चा

यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, कौशल विकास और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होगी. यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने कहा कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच आर्थिक एवं संस्थागत संबंधों को और मजबूत करेगी. उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक, कौशल विकास और पर्यटन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया.

21 अगस्त को लखनऊ में होगा मुख्य इन्वेस्टमेंट मीट

इन्वेस्ट यूपी की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 18 अगस्त से 23 अगस्त तक नई दिल्ली, लखनऊ, आगरा, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में आयोजित किया जा रहा है. मुख्य यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट का आयोजन 21 अगस्त को लखनऊ में होगा. इसमें सरकार और कारोबारियों के बीच जी2बी (Government to Business) और बी2बी (Business to Business) सत्र आयोजित किए जाएंगे.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का रेड अलर्ट… 68 जिलों में बरसेंगे बादल, प्रयागराज-वाराणसी में बाढ़ से हालात बिगड़े

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी. सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश के सबसे बड़े निवेश केंद्रों में शामिल करना है.