लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज जो भी बड़ी समस्याएं हैं, उनकी जड़ भारतीय जनता पार्टी है. अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की.
सपा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जिस प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी, उसे जिताने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होगी.
इसे भी पढ़ें- अयोध्या से बड़ी खबर: राम जन्मभूमि ट्रस्ट से हटाए गए 2 प्रमुख कर्मचारी, एंट्री बैन के बाद मचा हड़कंप
‘सड़कों और एक्सप्रेस-वे की हालत खराब’
अखिलेश यादव ने प्रदेश में निर्माणाधीन और बन चुकी सड़कों की स्थिति को लेकर योगी सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण सड़कें और एक्सप्रेस-वे जगह-जगह खराब हो रहे हैं. उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. सपा प्रमुख ने कहा कि जनता के पैसे से तैयार होने वाली परियोजनाओं में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए.
मुरादाबाद रिंग रोड का जिक्र कर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने मुरादाबाद में निर्माणाधीन रिंग रोड के धंसने की घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही सड़क का शुरू होने से पहले ही धंस जाना सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है. सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं में जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है और बजट का सही इस्तेमाल नहीं किया जा रहा. उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है.
जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी पर भी हमला
अखिलेश यादव ने जल जीवन मिशन को लेकर भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि यह योजना भ्रष्टाचार का जरिया बन गई है. उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना और शहरी जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई शहरों में बारिश के बाद लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है.
उन्होंने गोरखपुर और प्रयागराज का उदाहरण देते हुए कहा कि शहरों में नालों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और घरों तक पहुंच रहा है. सपा प्रमुख ने सरकार से शहरी जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की.
‘भाजपा के जाने के बाद ही रुकेगा भ्रष्टाचार’
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के ‘गड्ढा मुक्त उत्तर प्रदेश’ अभियान पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अभियान के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश की सड़कों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और खराब व्यवस्थाओं से परेशान है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता से बाहर होने के बाद ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगेगी और प्रदेश की व्यवस्था में सुधार आएगा.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का रेड अलर्ट… 68 जिलों में बरसेंगे बादल, प्रयागराज-वाराणसी में बाढ़ से हालात बिगड़े
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को केवल राजनीतिक मुकाबले के तौर पर न लें, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करें. उन्होंने साफ किया कि पार्टी की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरना होगा.


