कुलदीप सिंह, फतेहपुर. चांदपुर और जहानाबाद थाना पुलिस ने 15 और 16 अगस्त की दरमियानी रात एक सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. अमौली के पास हरकुण्डी पुलिया के पास हुई इस मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, अवैध हथियार और एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है.
बता दें कि यह कार्रवाई थाना चांदपुर और जहानाबाद क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों में प्रकाश में आए आरोपियों की धरपकड़ के दौरान हुई. रात में चेकिंग और घेराबंदी के समय बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की.
इसे भी पढ़ें : यूपी में नकली डेयरी प्रोडक्ट पर बड़ा एक्शन, पनीर-घी-खोया बेचने वालों पर सरकार की सख्ती; जानिए क्या बदला
गिरफ्तार अभियुक्त सुमित कुमार उर्फ ज्वाला सोनकर पुत्र शिवबरन निवासी- अमौली, थाना चांदपुर, मुठभेड़ के दौरान बाएं पैर में गोली लगने से घायल, शोमिल पटेल पुत्र कामता निवासी- सैंठी, थाना चांदपुर, निहाल पुत्र शकील उर्फ शफीक सिद्दकी निवासी- अमौली, थाना चांदपुर के पास से अवैध दो अदद तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस और चोरी के सामान में सफेद धातु की 3 जोड़ी पायल, सफेद धातु के 5 सिक्के, सफेद धातु की 5 जोड़ी बिछिया व 20,500 रुपये एक अदद चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सुमित कुमार उर्फ ज्वाला सोनकर और उसके साथियों के खिलाफ जनपद फतेहपुर के विभिन्न थानों सहित अन्य जनपदों में 10 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अन्य थानों से भी इनका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है.


