कुलदीप सिंह, ​फतेहपुर. जनपद के प्रतिष्ठित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल की कार्य प्रणाली पर उस वक्त गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल प्रशासन की ओर से बच्चों को फंगस (फफूंद) लगे हुए लड्डू बांट दिए जाने का मामला सामने आया. जानकारी के अनुसार, फतेहपुर और मलवां ब्रांच के करीब 2 हजार बच्चों को ये संक्रमित लड्डू बांटे गए थे.

मामला तब सामने आया जब बच्चों में लड्डू बांटे जाने के करीब एक घंटे बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों के व्हाट्सएप नंबरों और ग्रुप पर एक मैसेज भेजा गया. इस मैसेज में अभिभावकों से यह अपील की गई कि “बच्चे उन लड्डुओं का सेवन बिल्कुल न करें.” इतनी बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त हो गया है.

इसे भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी में खूनी वारदात: पत्नी को साथ नहीं भेजा तो हैवान बना दामाद, ससुर को उतारा मौत के घाट

​सूत्रों के मुताबिक, बांटे गए ये लड्डू मलवां स्थित ‘गणेश पेड़ा’ नामक दुकान से मंगाए गए थे. त्योहारी या राष्ट्रीय पर्व जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर बिना गुणवत्ता की जांच किए बच्चों को इस तरह के खराब खाद्य पदार्थ वितरित करना स्कूल की बड़ी लापरवाही को उजागर करता है. ​मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश दीक्षित ने संज्ञान लिया है. उन्होंने बताया कि “मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.