कुलदीप सिंह, फतेहपुर. थरियांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे के पास जमीन पर पुराने और मौजूदा कब्जे को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष में बदल गया. दिनदहाड़े हुए इस हिंसक टकराव में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और कई राउंड फायरिंग हुई. फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

बताया जा रहा है कि विवाद रिंकू लोहारी और वीरेंद्र सिंह पक्ष के बीच है. हसवां चौकी क्षेत्र में स्थित वीरेंद्र सिंह की जमीन का कुछ हिस्सा उनके एक पारिवारिक सदस्य ने रिंकू लोहारी को बेच दिया था. इसी जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. बुधवार दोपहर एक पक्ष ने उक्त जमीन पर कब्जे का प्रयास किया. दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया तो दोनों आमने-सामने आ गए. स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वीरेंद्र सिंह पक्ष के कुछ और लोग मौके पर पहुंच गए. इसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया.

इसे भी पढ़ें : माल बंटने ही वाला था, पुलिस पहुंच गई! मुगलसराय में दबोचे गए 8 चोर, 3.50 लाख कैश बरामद

दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे. मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोगों के सिर फट गए और वे घायल हो गए. इसी दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई. नेशनल हाईवे के पास फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई और राहगीर इधर-उधर भागते नजर आए. घटना के बाद इलाके में यह भी चर्चा रही कि विवाद में शामिल एक पक्ष सत्ता से जुड़ा हुआ है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर थरियांव थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रिंकू लोहारी और वीरेंद्र सिंह समेत दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी.