कुलदीप सिंह, फतेहपुर. बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेर्ई गांव में शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या और नकदी लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटे गए 1.41 लाख रुपये और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं.

बता दें कि ​पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की पूरी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दुगरेर्ई गांव स्थित देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह चौहान 23 अक्टूबर की रात दुकान बंद करने के बाद पास ही बने टीनशेड के बरामदे में सो रहे थे. इसी दौरान उनके सिर पर लकड़ी के बोटे से जोरदार वार कर हत्या कर दी गई थी और दुकान की बिक्री के पैसे गायब थे.

इसे भी पढ़ें : कमाई करने सऊदी गए गोरखपुर के युवक की ड्रोन हमले में मौत! खबर मिलते ही गांव में पसरा सन्नाटा

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी कृष्णा तिवारी (19) ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने सेल्समैन से 50 हजार रुपये उधार लिए थे. सतेंद्र द्वारा लगातार पैसे वापस मांगे जाने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते आरोपी ने दोबारा दुकान पर पहुंचकर सोते समय सेल्समैन के सिर पर लकड़ी के बोटे से वार कर दिया. हत्या के बाद आरोपी ने दुकान की चाबी से गुल्लक खोलकर उसमें रखे 1.41 लाख रुपये समेट लिए और फरार हो गया.

मुखबिर की सटीक सूचना पर बिंदकी पुलिस ने शहजादीपुर नहर पुलिया के पास से आरोपी कृष्णा तिवारी को एक इलेक्ट्रिक ऑटो सहित दबोच लिया. तलाशी के दौरान ऑटो की डिग्गी से पूरी लूटी गई नकदी, घटना के समय पहनी गई खून के छींटों वाली सफेद टी-शर्ट और हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का बोटा बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है.