बेंगलुरु से सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर कथित तौर पर हुए विवाद ने एक पिता को अपनी ही दो मासूम बेटियों का हत्यारा बना दिया। आरोप है कि 40 वर्षीय एसजी इमरान ने बेंगलुरु एयरपोर्ट के पास एक होटल में अपनी 5 और 10 साल की बेटियों की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि, समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

होटल के कमरे में मिलीं दोनों बच्चियों की लाश

पुलिस के मुताबिक, मृत बच्चियों की पहचान 5 वर्षीय शेख जेहरा और 10 वर्षीय शेख जोया के रूप में हुई है। परिवार बेंगलुरु के नागवारा इलाके के बिलाल नगर का रहने वाला बताया जा रहा है।

घटना का खुलासा तब हुआ, जब होटल की सिक्योरिटी को कमरे के अंदर से इमरान के चीखने की आवाज सुनाई दी। सुरक्षाकर्मी कमरे में पहुंचे तो दोनों बच्चियां मृत मिलीं, जबकि इमरान गंभीर रूप से घायल अवस्था में था। होटल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

मौके से मिला कथित सुसाइड नोट

बेंगलुरु नॉर्थ ईस्ट के डीसीपी जीके मिथुन कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमरान ने दोनों बेटियों की गला घोंटकर हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें इमरान ने अपनी पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद का जिक्र किया है। नोट में उसने पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक जताया और कुछ सबूत होने का दावा किया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने साफ किया है कि सुसाइड नोट में किए गए दावों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस होटल में मौजूद सबूतों और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m