पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों का रुख अब सख्त होता नजर आ रहा है। पेपर लीक केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा एक्शन शुरू किया है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने देश के कई राज्यों में दर्ज पेपर लीक से जुड़े मामलों को अपने स्तर पर जांच के लिए टेकओवर करते हुए ECIR (Enforcement Case Information Report) दर्ज की है।
कई राज्यों में ED ने शुरू की जांच
जानकारी के अनुसार, राजस्थान, हरियाणा, गुवाहाटी, पटना (बिहार), कर्नाटक, बेंगलुरु, महाराष्ट्र और झारखंड में दर्ज पेपर लीक मामलों को लेकर ED ने कार्रवाई शुरू की है। इन मामलों में दर्ज FIR के आधार पर एजेंसी अब कथित तौर पर आर्थिक अपराध के पहलू की जांच करेगी।
ED की जांच का दायरा केवल पेपर लीक की घटना तक सीमित नहीं रहेगा। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस पूरे नेटवर्क में पैसों का लेन-देन कैसे हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
Money Trail और Proceeds of Crime पर फोकस
सूत्रों के मुताबिक, ED यह जांच करेगी कि पेपर लीक से जुड़े आरोपियों ने कथित तौर पर कितनी रकम हासिल की, पैसा कहां से आया और उसे कहां-कहां इस्तेमाल किया गया।
जांच एजेंसी Proceeds of Crime (अपराध से अर्जित आय), Money Trail और पूरे आर्थिक लेन-देन की पड़ताल कर सकती है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित तौर पर पेपर लीक से कमाए गए पैसे किन लोगों तक पहुंचे और इस नेटवर्क में उनकी क्या भूमिका थी।
NEET-UG Paper Leak Case में भी ED की एंट्री संभव
पेपर लीक मामलों की जांच के बीच NEET-UG पेपर लीक केस भी चर्चा में है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में भी ED जल्द आर्थिक पहलुओं की जांच शुरू कर सकती है। हालांकि, इस संबंध में एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
संसद में भी उठा पेपर लीक का मुद्दा
NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में काफी विवाद हुआ था। परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साधा। संसद में भी इस मुद्दे को लेकर हंगामा हुआ और विपक्षी दलों ने पेपर लीक मामलों पर चर्चा की मांग की।
सरकार की ओर से परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कई कदम उठाए जाने की बात कही गई है। अब ED की जांच में पेपर लीक के कथित आर्थिक नेटवर्क और मनी ट्रेल पर खास नजर रहने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


