प्रवीण भारद्वाज,पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। अर्जुन नगर क्षेत्र में बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुरेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी था और पिछले कुछ समय से परिवार के साथ पानीपत में रह रहा था। उसकी मौत से पत्नी और पांच बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

छह महीने से था बेरोजगार

परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र पिछले करीब छह महीने से बेरोजगार था। वह लगातार नौकरी की तलाश कर रहा था, लेकिन काम नहीं मिलने के कारण मानसिक तनाव में रहने लगा था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को लेकर भी वह काफी चिंतित था।

रात को परिवार के साथ खाया खाना, सुबह मिला शव

बताया जा रहा है कि घटना वाली रात सुरेंद्र ने परिवार के साथ भोजन किया। इसके बाद वह नीचे कमरे में सोने चला गया, जबकि पत्नी और बच्चे छत पर सोने चले गए। सुबह जब परिवार नीचे पहुंचा तो सुरेंद्र का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में बेरोजगारी और आर्थिक परेशानियों के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। सुरेंद्र की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।