हरियाणा डेस्क। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। भीषण गर्मी से राहत के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक की भी संभावना है।
23 जून तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिलेगा। 19 जून की रात से 20 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
22 जून से फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने बताया कि 22 जून से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 22 और 23 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
सामान्य से अधिक हुई बारिश
इस बार जून महीने में हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 18 जून के बीच प्रदेश में 26.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो औसत से ज्यादा मानी जा रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

