० प्रिया असीजा ने की एनआईए व एसटीएफ के समन्वय से गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की मांग

अजय सैनी,भिवानी। हरियाणा में लगातार बढ़ते संगठित अपराध, सरेआम हत्याओं और रंगदारी की घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता प्रिया असीजा ने प्रदेश की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताते हुए देश के गृह मंत्री को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर तत्काल सख्त कार्रवाई और उच्च स्तरीय समीक्षा की मांग की है।

प्रिया असीजा ने आरोप लगाया कि कभी कृषि, खेल और सामाजिक सौहार्द के लिए पहचाना जाने वाला हरियाणा आज गैंगस्टर नेटवर्क और अपराधियों के डर में जी रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही हत्याओं और रंगदारी की घटनाओं से व्यापारी और आम नागरिक भयभीत हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि एनआईए और राज्य की एसटीएफ के समन्वय से गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि संगठित अपराध को जड़ से खत्म किया जा सके।

लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं

सामाजिक कार्यकर्ता ने अपने पत्र में कई हालिया घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हांसी में जिम संचालक कपिल रेड्डू की गोली मारकर हत्या, खरखौदा कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े अपराधी नीरज उर्फ कटिया की हत्या, झज्जर के सुबाना गांव में हितेश उर्फ गुल्लू पर 20 से अधिक गोलियां चलाने, और डीघल गांव में फाइनेंस कारोबारी साहिल उर्फ सोनू की हत्या जैसी घटनाओं ने प्रदेश में दहशत का माहौल बना दिया है।

इसके अलावा पानीपत में हुए संदिग्ध हादसे और हिसार-हांसी क्षेत्र में लगातार मिल रही रंगदारी की धमकियों ने व्यापारियों को भी भयभीत कर दिया है।

केंद्र से सख्त हस्तक्षेप की मांग

प्रिया असीजा ने गृह मंत्रालय से मांग की है कि हरियाणा की कानून-व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा की जाए। साथ ही एनआईए और एसटीएफ के संयुक्त अभियान से गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म किया जाए।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई जाए और रंगदारी मामलों के लिए एक विशेष शिकायत एवं त्वरित कार्रवाई सेल गठित किया जाए, ताकि अपराधियों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।