गाजियाबाद. विजयनगर थाना क्षेत्र में पत्रकार पर झूठा मकदमा दर्ज करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि विजयनगर थाना पुलिस ने पत्रकार के खिलाफ खुन्नस की वजह से अपराध दर्ज किया गया है. इतना ही नहीं, बुधवार को पत्रकार को हाउस अरेस्ट भी किया गया. मामले को लेकर पत्रकार ने पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने हाउस अरेस्ट करने को लेकर कहा कि पुलिस कब तक रोककर रखेगी. महिला पत्रकार ने न्याय ना मिलने पर सुसाइड करने की बात कही है.

दरअसल, महिला पत्रकार का कहना है कि एसएचओ धर्मपाल की तकलीफ उनसे ये थी कि उन्हें वो पेन ड्राइव चाहिए थी जिसमें महिला ने उन्हें बताया था कि उसमें उनके खिलाफ 24 वीडियो हैं. जिसमें उनके क्षेत्र में गांजा तस्करी होने के साक्ष्य हैं. महिला पत्रकार के मुताबिक पांच पुलिस स्टेशन ऐसे हैं जिसमें गांजा बिक रहा है. प्रतिदिन 10 किलो गांजा बिक रहा है. महिला पत्रकार ने आगे कहा कि उन्होंने इसकी खबर भी बनाई थी. इसी से वे तिलमिलाए थे.

इसे भी पढ़ें : कैसे कैसे लोग हैं… बिजली चोरी की जांच करने गई टीम पर हमला, जेई पर छोड़ा कुत्ता, 5 कर्मचारी घायल

महिला पत्रकार ने बताया कि थाने में उन्होंने अपनी भावना बता भी दी थी. महिला पत्रकार के मुताबिक एसएचओ ने कहा था कि ‘आप मेरी दुश्मन बनी पड़ी हो. आप तो न्यूज लगाती हो हमारे खिलाफ.’ महिला ने कहा कि इसी खुन्नस में उन्होंने मेरे पे मुकदमा किया है कि मेरे ऊपर दबाव बने और मैं समझौता कर लूं.’

महिला पत्रकार ने बताया कि उन्होंने एक सुसाइड नोट डाला था जिसे देखते हुए उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है. उन्होंने कहा कि यदि न्याय नहीं मिलेगा तो आखिर पुलिस उन्हें कब तक रोक सकती है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि जब तक जांच चल रही है तब तक वो कुछ नहीं खाएंगी. उन्होंने आगे कहा कि ‘आज तो आपने मुझे रोक भी लिया है, लेकिन कब तक? मैं इस लांछन के साथ नहीं रह सकती हूं. कि मैनें और मेरे पति ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया, उनके साथ मारपीट की. दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की और मेरे पति ने छेड़छाड़ की है. सोचने वाला विषय है कि क्या पुलिस चौकी के अंदर कोई व्यक्ति किसी महिला को छेड़ सकता है? और पुलिस यदि उसमें हस्तक्षेप कर रही है तो क्या हम पुलिस को भी मारेंगे? एक आदमी अपनी पत्नी के सामने दूसरी औरत को कैसे छेड़ सकता है? मुझे एक साक्ष्य दिखा दें धर्मपाल जिसमें मेरे पति उस महिला के पास भी गए हों. अंधेर नगरी मचा रखी है धर्मपाल जी ने.’