चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से ब्लैकमेलिंग का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां श्रम विभाग में पदस्थ एक महिला अधिकारी को जाल में फंसाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठने की कोशिश की गई। शातिर ब्लैकमेलर ने महिला अधिकारी को महज 5,000 रूपए देकर उनका स्पाई कैमरे से वीडियो बना लिया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख की डिमांड कर डाली। पीड़ित महिला की शिकायत पर इंदौर क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें : जेल में मुलाकात, सीक्रेट वीडियो और बीजेपी नेताओं संग तस्वीरें… श्वेता जैन की नई पार्टनर ‘रेशु चौधरी’ की एंट्री से हड़कंप!

ऐसे बुना गया ब्लैकमेलिंग का जाल

यातायात डीसीपी राजेश त्रिपाठी के मुताबिक श्रम विभाग की महिला अधिकारी ने क्राइम ब्रांच में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला अधिकारी ने बताया कि ऑफिस में आने-जाने के दौरान उनकी मुलाकात अजीत चौरसिया नाम के एक युवक से हुई थी। एक दिन अजीत अचानक उनके केबिन में आया और उसने महिला अधिकारी को 5,000 नगद दिए। उसने कहा कि यह राशि मजदूरों को 200-200 रूपए के बोनस के रूप में बांट दी जाए। महिला अधिकारी ने जैसे ही वह पैसे पकड़े, आरोपी ने अपने पास छिपे स्पाई कैमरे (Spy Camera) से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

2 लाख से 1 लाख पर आया, डिप्रेशन में चली गई थी महिला अधिकारी

वीडियो बनाने के बाद आरोपी ने उस वीडियो को ‘रिश्वत लेने का सबूत’ बताते हुए महिला अधिकारी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने वीडियो डिलीट करने के बदले सबसे पहले 2 लाख रूपए की मांग की। जब महिला अधिकारी ने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया तो आरोपी सौदाबाज़ी पर उतर आया और 1 लाख की डिमांड करने लगा। इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला अधिकारी मानसिक तनाव और डर के साए में जीने को मजबूर हो गई थीं।

क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर दबोचा, डिजिटल सबूत जब्त

जब पानी सिर से ऊपर चला गया तो पीड़ित महिला अधिकारी ने हिम्मत दिखाई और पूरे मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच से की। पुलिस ने मामले की गंभीरता और सत्यता की जांच करते हुए तुरंत जाल बिछाया और आरोपी अजीत चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल किया गया सारा सामान जब्त कर लिया हैं।

ये भी पढ़ें : नाबालिग पोती की अधेड़ से शादी, दूल्हा और दादा-दादी पर FIR, फरार पंडित की तलाश में जुटी पुलिस

एक आरोपी फरार

डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि इस पूरी साजिश में अजीत चौरसिया के साथ उसका एक अन्य साथी भी शामिल था जो फिलहाल फरार चल रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m