सतगावां (कोडरमा)। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पोखरडीहा में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर उतर आया। बड़ी संख्या में छात्राएं शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं और ब्लॉक का घेराव कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते कुछ छात्राएं बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर छात्राएं एकजुट होकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं।

ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन के दौरान अचानक छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी और कई छात्राएं बेहोश हो गईं।

आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद प्रशासन और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बीमार छात्राओं को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। छात्राओं के एक साथ बेहोश होने से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

शिक्षकों की कमी और प्रदर्शन के दौरान छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।