FIFA WC 2026 : फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में अंतिम 4 की तस्वीर अब साफ हो गई है. क्वार्टर फाइनल के तीसरे मैच में इंग्लैंड ने नार्वे को 2-1 से हरा दिया है. वहीं इस सीजन के आखिरी क्वार्टर फाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड पर 3-1 की शानदार जीत दर्ज की है. अब दोनों टीमें 15 जुलाई को आमने-सामने होंगी.
इंग्लैंड ने नार्वे को 2-1 से हराया
मियामी स्टेडियम खचाखच दर्शकों से भर गया. दोनों ही टीमों ने शुरूआत से शानदार खेल दिखाया. इस मैच में जूड बेलिंगहैम ने इंग्लैंड को महत्वपूर्ण गोल दागकर जीत दिलाई. 2018 के बाद पहली बार इंग्लैंड वर्ल्ड कर के अंतिम 4 में पहुंच गया है.
पहले हाफ में बराबरी पर रहा मुकाबला
FIFA WC 2026 : मैच के शुरू होने की व्हिस्टल बजते ही दोनों टीमों ने अपना शानदार खेल दिखाना शुरू किया. नार्वे के साथ इंग्लैंड ने भी कई मौके बनाए. इस क्वार्टर फाइनल का पहला गोल नार्वे के लिए 36वें मिनट पर आया. आंद्रेस श्चेलडेरप ने गेंद को गोल पोस्ट में भेजकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. इसके 11 मिनट बाद इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंगहैम गोल मारकर टीम को बराबरी पर पहुंचाया. पहले हाफ तक दोनों टीमें बराबरी पर थी.
दूसरे हाफ में भी शांत रहे हालैंड
फैंस को नार्वे के हालैंड से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह शांत ही रहे. टोरबजोर्न हेगेम ने नॉर्वे के लिए गेंद को नेट में पहुंचाया जरूर, लेकिन एलिट एंडरसन की टक्कर के कारण रेफरी ने गोल को नकार दिया. इसके बाद डेविड मोलर का हेडर भी गोल में तब्दील नहीं हो सका. इसके बाद हालैंड को बाहर ही भेज दिया गया.
बेलिंगम के आखिरी मिनट के गोल से इंग्लैंड की रोमांचक जीत

निर्धारित 90 मिनट पूरे होने तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर था. मैच के पेनल्टी शूटआउट में जाने की उम्मीद की जा रही थी. लेकिन इंजरी टाइम में जूड बेलिंगम इंग्लैंड के लिए हीरो बनकर उभरे. पहले मॉर्गन रोजर्स के शॉट को नॉर्वे के गोलकीपर ने रोक लिया, लेकिन रीबाउंड पर बेलिंगम ने कोई गलती नहीं की और गेंद को गोल में पहुंचाकर इंग्लैंड को शानदार जीत दिला दी.
FIFA WC 2026: सेमीफाइनल में पहुंची अर्जेंटीना
इस सीजन के आखिरी क्वार्टर में अर्जेंटीना के बेहतरीन प्रदर्शन की बदलौत वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में छठी बार अपनी जगह बनाई. उसने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हरा दिया. कंसास सिटी स्टेडियम में यह मुकाबला खेला गया. इस मैच में खास यह रहा कि 90 मिनट के खेल में दोनों टीमें बराबरी पर थी, लेकिन एक्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना ने दो गोल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.

मेसी के कॉर्नर पर एलिस्टर का शानदार हेडर
अर्जेंटीना ने शुरूआत से ही आक्रमक खेल दिखाया. 10वें मिनट पर ही मौजूदा एडिशन में अपना सबसे तेज गोल किया. लियोनेल मेसी के कॉर्नर पास पर एलिस मैक एलिस्टर ने शानदार हेडर मारकर गोल कर दिया. छह मिनट बाद ही मेसी ने लगभग गोल कर ही दिया, लेकिन टचेल ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. हालांकि स्विट्जरलैंड ने पहले 45 मिनटों के अंतिम क्षण में कुछ देर के लिए अर्जेंटीना को परेशानी में भी डाला. एमबोलो को रेफरी ने 44वें मिनट में येलो कार्ड दे दिया, जो उनके लिए पहली चेतावनी था.
दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने की बराबरी
दूसरे हाफ की शुरुआत में अर्जेंटीना ने दो अच्छे मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर सकी. इसके बाद 67वें मिनट में डेन नडोये ने रिकार्डो रोड्रिगेज के साथ शानदार तालमेल दिखाते हुए गोल दागा और स्विट्जरलैंड ने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.
हालांकि, कुछ ही देर बाद स्विट्जरलैंड को बड़ा झटका लगा. एम्बोलो को दूसरा येलो कार्ड मिलने के बाद रेड कार्ड दिखाया गया और टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई. इसके बावजूद स्विट्जरलैंड ने मजबूत रक्षा करते हुए अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय तक गोल नहीं करने दिया.
अतिरिक्त समय में अल्वारेज और मार्टिनेज बने हीरो
अतिरिक्त समय में जूलियन अल्वारेज ने बेंच से आए लोपेज के पास पर गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई. इसके बाद मार्टिनेज ने रीबाउंड पर एक और गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया. इसी के साथ अर्जेंटीना ने मुकाबला अपने नाम कर लिया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

