FIFA WC 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. न्यू यॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए मैच में फ्रांस ने सेनेगल को 3-1 से करारी शिकस्त दी. पहले हाफ में धीमे खेल के बाद दूसरे हाफ में तूफानी 4 गोल हुए. फ्रांस के स्टार प्लेयर किलियन एम्बाप्पे ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, उन्होंने मैच में 2 गोल दागे. इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रचते हुए वर्ल्ड कप इतिहास में फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया. 

पहले हाफ में बराबरी पर थी दोनों टीमें 

पूरे गेम में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन दिखाया. मैच के शुरूआत में सेनेगल ने आक्रमक रणनीति के साथ खेलते हुए फ्रांस के डिफेन्स पर दबाव बनाया. इस दौरान इस्मालिया, निकोलस जैक्सन और सादियो माने ने प्रहार किया, लेकिन वह गेंद को जाल तक पहुंचाने में असफल रहे. एम्बाप्पे का भी पहले हाफ में अधिक प्रभाव नहीं दिखा. 

दूसरे हाफ में 360 डिग्री पलटा मैच 

मैच का दूसरा हाफ शुरू होते ही फ्रांस अपने असली रंग में आ गया. आक्रामक अंदाज के साथ फ्रांस ने खेलना शुरू किया. 66वें मिनट पर पहला गोल दागकर एम्बाप्पे ने फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिलाई.  ब्रैडली बारकोला ने 82 मिनट पर गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया. 90 मिनट पूरे होने तक फ्रांस 2-0 से बढ़त बनाएं हुए था, लेकिन फिर इंजरी टाइम में सेनेगल के लिए इब्राहिम मबाये ने पहला गोल किया और स्कोर 2-1 पर आ गया. कुछ ही सेकेंड में एम्बाप्पे ने मैच में अपना दूसरा गोल कर फ्रांस की जीत पर मुहर लगा दी. फ्रांस ने 3-1 सेनेगल को मैच हराकर वर्ल्ड कप में विजय के साथ आगाज किया. 

नॉर्वे ने इराक को 4-1 से हराया 

ग्रुप आई के आज के मैच में नार्वे ने इराक को बुरी तरह हरा दिया. बोस्टन स्टेडियम में इराक को 4-1 से हार का सामना करना पड़ा. नॉर्वे के लिए वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाले एर्लिंग हालैंड ने दो गोल किए. लंबे समय बाद विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर नॉर्वे और इराक लौटे थे.

मैच के पहले हाफ में नॉर्वे ने आक्रामक खेल दिखाया. मैच के 14वें मिनट में गोलकीपर ओरजान नाइलैंड की पहल पर शुरू हुए आक्रमण को डेविड मोलर वोल्फ ने बाएं फ्लैंक से शानदार क्रॉस के जरिए आगे बढ़ाया. इस मौके का फायदा उठाते हुए एरलिंग हालैंड ने गेंद को नेट में पहुंचाकर नॉर्वे को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसी मुकाबले में 35 वर्ष और 279 दिन की उम्र में नाइलैंड नॉर्वे की ओर से विश्व कप में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए. 

इराक ने ज्यादा देर इंतजार नहीं कराया और करीब दस मिनट बाद टूर्नामेंट का अपना पहला गोल दाग दिया. अनुभवी स्ट्राइकर आयमन हुसैन ने आमिर अल-अम्मारी के सटीक क्रॉस पर शानदार हेडर लगाते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इसके साथ ही हुसैन विश्व कप में गोल करने वाले केवल दूसरे इराकी खिलाड़ी बन गए.

पहले हाफ के समाप्त होने से ठीक पहले हालैंड ने एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. इराकी डिफेंडर जैद तहसीन और गोलकीपर जलाल हसन के बीच हुई गलतफहमी का फायदा उठाते हुए उन्होंने अपना दूसरा गोल दागा और नॉर्वे को 2-1 की बढ़त दिला दी.

दूसरे हाफ में भी नार्वे की पकड़ मजबूत

दूसरे हाफ में भी नॉर्वे ने खेल पर पकड़ बनाए रखी. बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान में उतरे लियो ओस्टिगार्ड ने कॉर्नर किक पर बेहतरीन हेडर के जरिए टीम का तीसरा गोल किया. इसके बाद इराक के लिए मुकाबले में वापसी करना बेहद कठिन हो गया. कई प्रयासों के बावजूद टीम गोल नहीं कर सकी. मैच के अंतिम चरण में इराक की रक्षापंक्ति की एक और गलती नॉर्वे के लिए फायदेमंद साबित हुई और टीम ने 4-1 की आसान जीत दर्ज करते हुए ग्रुप-आई में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H