FIFA World Cup 2026 के क्वार्टरफाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टीम की इस जीत के बाद जहां फ्रांस की राजधानी पेरिस में हजारों प्रशंसकों ने शांतिपूर्ण माहौल में जश्न मनाया, वहीं ब्रिटेन की राजधानी लंदन में उत्सव हिंसा में बदल गया। भारी भीड़ के कारण पुलिस को हालात संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

लंदन में हिंसा, पुलिस अधिकारी घायल

ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्रांस की जीत के कुछ ही देर बाद वेस्ट लंदन में उपद्रवियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। घायल अधिकारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जबकि पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिश की।

एडगवेयर रोड पर पुलिस का हाई अलर्ट

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एडगवेयर रोड पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करते दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य वीडियो में घायल पुलिस अधिकारी सड़क पर पड़ा नजर आता है, जहां मेडिकल टीम उसका इलाज करती दिख रही है। हालात को काबू में करने के लिए दंगा-रोधी उपकरणों से लैस पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरा बनाया।

पेरिस में शांतिपूर्ण रहा जीत का जश्न

मैच से पहले आशंका जताई जा रही थी कि फ्रांस और मोरक्को के बीच मुकाबले के बाद पेरिस में तनाव या हिंसा भड़क सकती है। हालांकि सभी आशंकाएं गलत साबित हुईं। फ्रांस की जीत के बाद हजारों फुटबॉल प्रशंसक सड़कों पर उतरे, लेकिन पूरे शहर में जश्न शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

20 हजार से अधिक पुलिसकर्मी थे तैनात

संभावित सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए फ्रांस सरकार ने पूरे देश में 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी। इनमें करीब 8 हजार पुलिसकर्मी केवल पेरिस में मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि पिछले बड़े खेल आयोजनों की तरह इस बार भी उपद्रव हो सकता है, लेकिन प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के चलते राजधानी में कोई बड़ी हिंसक घटना सामने नहीं आई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m