FIFA World Cup 2026: अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें फुटबॉल का महानतम खिलाड़ी क्यों माना जाता है। अल्जीरिया के खिलाफ टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में मैदान पर उतरते ही मेसी ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कर लीं। उन्होंने न सिर्फ शानदार हैट्रिक लगाकर अर्जेंटीना को 3-0 की जीत दिलाई, बल्कि ऐसे रिकॉर्ड भी बनाए जो अब तक विश्व फुटबॉल में कोई खिलाड़ी हासिल नहीं कर पाया था।

बता दें कि कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अल्जीरिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही मेसी 6 अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। इसी के साथ उन्होंने अपने करियर का 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं।

दिग्गज खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे

इससे पहले जर्मनी के लोथार मैथाउस, मैक्सिको के राफेल मार्केज, आंद्रेस गार्डाडो और एंटोनियो कार्बाजाल के साथ जर्मनी के मैनुएल नोयर पांच-पांच फीफा वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड साझा कर रहे थे। हालांकि मेसी ने इन सभी को पीछे छोड़ते हुए अकेले इस ऐतिहासिक मुकाम पर कब्जा जमा लिया।

दिलचस्प बात यह है कि पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी इस विश्व कप में कांगो के खिलाफ मुकाबले में उतरते ही छह वर्ल्ड कप खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो सकते हैं।

मेसी की हैट्रिक से अर्जेंटीना की धमाकेदार जीत

अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में मेसी ने अपने करियर की पहली वर्ल्ड कप हैट्रिक लगाई और अर्जेंटीना को 3-0 की शानदार जीत दिलाई। 38 वर्षीय मेसी पूरे मैच में छाए रहे और उनके तीन गोलों ने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के अभियान की शानदार शुरुआत कराई।

क्लोजे के रिकॉर्ड की बराबरी

इस हैट्रिक के साथ मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में अपने गोलों की संख्या 16 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के सर्वाधिक 16 वर्ल्ड कप गोलों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में मेसी और क्लोजे संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल

16 गोल – लियोनेल मेसी, मिरोस्लाव क्लोजे

15 गोल – रोनाल्डो (ब्राजील)

14 गोल – गर्ड मुलर, किलियन एम्बाप्पे

13 गोल – जस्ट फॉनटेन

12 गोल – पेले

11 गोल – सांडोर कोक्सिस, जुर्गन क्लिंसमैन

10 गोल – हेल्मुट रहन, गैब्रियल बतिस्तुता, गैरी लिनेकर, टेओफिलो क्यूबिलास, थॉमस मुलर, ग्रेजगोर्ज लाटो

रोनाल्डो और रोजर मिला का रिकॉर्ड भी टूटा

मेसी वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में एक से अधिक गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने कैमरून के दिग्गज रोजर मिला का रिकॉर्ड तोड़ा। इसके अलावा 38 साल 357 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनकर उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

पेले का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी ध्वस्त

अर्जेंटीना के कप्तान ने इस मुकाबले में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। मैच से पहले वर्ल्ड कप में गोल और असिस्ट मिलाकर मेसी और ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले के नाम 21-21 गोल योगदान दर्ज थे। अल्जीरिया के खिलाफ तीन गोल करने के बाद मेसी का आंकड़ा 24 तक पहुंच गया।

अब मेसी के नाम वर्ल्ड कप इतिहास में 16 गोल और 8 असिस्ट दर्ज हैं, जबकि उन्होंने पेले के सर्वाधिक गोल योगदान के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

2022 कतर वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने वाले मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र महज एक आंकड़ा है। 38 साल की उम्र में भी वह विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर नए-नए कीर्तिमान रच रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H