कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को चंडीगढ़ में फिल्म भारत भाग्य विधाता की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि देश की असली ताकत सरकार या सेना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सेवा भावना, साहस और कर्तव्यनिष्ठा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “भारत के सामान्य दिखने वाले असाधारण नागरिक ही देश के असली भाग्य विधाता हैं” और विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति भी यही लोग हैं। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा भी कर दी।

कार्यक्रम में सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जनसेवा से जुड़े डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पुलिसकर्मियों और फायर कर्मियों को सम्मानित करते हुए कहा कि संकट के समय यही लोग सबसे पहले आगे आकर मानवता की रक्षा करते हैं।

26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने आतंकवाद पर भी सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज का भारत अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करता और “अब भारत घर में घुसकर मारता है”, ऑपरेशन सिंदूर इसका ताजा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26/11 सिर्फ मुंबई का दर्द नहीं बल्कि पूरे देश का दर्द था।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी नीतियों ने हरियाणा की तस्वीर बदल दी है। कभी लिंगानुपात की चुनौती झेलने वाला राज्य आज बेटियों की उपलब्धियों से नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल सरकार की नीतियों का नहीं बल्कि समाज की सोच में आए सकारात्मक परिवर्तन का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि समाज का मार्गदर्शक भी है। उन्होंने किसानों, सैनिकों, शिक्षकों और सफाई कर्मचारियों के योगदान को नमन करते हुए 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को सामूहिक प्रयासों से पूरा करने का आह्वान किया।