राकेश कथूरिया, कैथल। आगामी 15 अगस्त को पुलिस लाइन मैदान में होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर वीरवार को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल हुई। डीसी अपराजिता ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान स्कूली बच्चों ने पीटी शो, डंबल, लेजियम, योग और देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
डीसी ने किया ध्वजारोहण, परेड का निरीक्षण
फाइनल रिहर्सल के तहत डीसी अपराजिता ने सबसे पहले राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने पुलिस के विशेष वाहन से परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसपी मनप्रीत सिंह सुदन और डीएसपी सुशील प्रकाश मौजूद रहे। पुलिस सहित विभिन्न टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। डीसी ने परेड की सलामी ली। पूरी परेड का नेतृत्व डीएसपी सुशील प्रकाश ने किया।
कई टुकड़ियों ने किया शानदार मार्च पास्ट
परेड में जिला पुलिस पुरुष और महिला की टुकड़ी, होम गार्ड की प्लाटून, एनसीसी विंग, डीएवी पब्लिक स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की गर्ल्स गाइड, भीष्म ओपन स्काउट और प्रजातंत्र के प्रहरियों की प्लाटून शामिल हुईं। सभी टुकड़ियों ने सलामी मंच के सामने से गुजरते हुए मार्च पास्ट किया।
योग और देशभक्ति कार्यक्रमों ने बांधा समां
फाइनल रिहर्सल के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने योग की प्रस्तुति दी। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति का माहौल नजर आया।
एमडीएन ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने पेश किया देशभक्ति गीत
एमडीएन ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने समूह देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। ‘मैं मर भी जाऊं तो वतन ये याद रहेगा’ बोलों पर आधारित इस प्रस्तुति ने मौजूद लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
15 अगस्त को मंत्री कृष्ण कुमार बेदी करेंगे ध्वजारोहण
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन 15 अगस्त को पुलिस लाइन मैदान में किया जाएगा। समारोह में हरियाणा के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ध्वजारोहण करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


