अमृतसर। अमृतसर में 17 साल की छात्रा द्वारा आत्महत्या मामले में स्कूल प्रशासन के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। छात्रा की मौत के मामले मे पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने एक वीडियो मैसेज जारी कर कहा है कि पीड़ित परिवार को पूरा इंसाफ दिलाया जाएगा। स्कूल प्रशासन खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। इस मामले में पुलिस टीम गठित की गई है, जो अलग-अलग जगहों में छापेमारी कर अपराधियों को तलाश कर रही है।
मृतक लड़की की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी एक होनहार स्टूडेंट थी, जिसने दसवीं क्लास में अच्छे नंबर लिए थे। बारहवीं में दाखिले के बाद उनकी बेटी को स्कूल प्रिंसिपल और कुछ टीचर लगातार मानसिक तौर पर परेशान करते थे। मां के मुताबिक, उनकी बेटी पर पढ़ाई के अलावा दूसरे कामों का बोझ डाल दिया गया था, जिससे वह बहुत परेशान थी। छात्रा से कई निजी काम करवाए जाते थे।

हालत को देखते हुए इसकी मां ने 22 तारीख को अपनी बेटी को स्कूल ले गई थी, जहां स्कूल प्रबंधन ने ऐसी बातें कहीं, जिसके बाद उनकी बेटी बहुत मानसिक दबाव में आ गई। इसके बाद उसने जहरीली दवा खा ली। इलाज के दौरान हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बाद में उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी को मिलनी चाहिए सजा
मां ने यह भी कहा कि घटना के बाद स्कूल के किसी भी अधिकारी ने उनकी बेटी की तबीयत के बारे में कुछ नहीं पूछा। उन्होंने मांग की है कि सिर्फ केस दर्ज करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि आरोपियों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उनकी बेटी को इंसाफ मिलना चाहिए। उन्होंने स्कूल के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की।

