Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। दरअसल मृतक भरत तिवारी की मां आशा देवी की शिकायत पर एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आशा देवी ने शाहपुर थाने मेंजगदीशपुर एसडीपीओ, शाहपुर थानाध्यक्ष समेत एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने पकड़कर मारी गोली- आशा देवी
दरअसल आशा देवी ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे (भरत तिवारी) ने फेसबुक लाइव के दौरान हथियार फेंककर आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने पकड़कर उस पर गोलियां चलाईं। आवेदन में भरत तिवारी को पांच गोलियां मारने व लगने का आरोप लगाया गया है। आशा देवी के इसी आवेदन पर पुलिस ने FIR दर्ज की है।
न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह की चेतवानी
वहीं, भरत तिवारी के भाई ने जांच में लापरवाही की आशंका जताते हुए चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो पूरा परिवार आत्मदाह करेगा। वहीं, भरत तिवारी के पिता ने आरोप लगाया कि घटना के समय उनके बेटे के पास मौजूद दो मोबाइल में से एक मोबाइल अब भी पुलिस के कब्जे में है।
सीएम सम्राट ने दिए हैं जांच के आदेश
बता दें कि भरत तिवारी का एनकाउंटर होने के बाद से लोग लगातार बिहार सरकार और बिहार पुलिस पर हमलावर हैं।सत्ताधारी दल से जुड़े कई नेता व विपक्षी नेताओं ने भी इसे हत्या करार दिया है। वहीं, भोजपुर के लोगों में भी काफी गहरा आक्रोश है। मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिटायर्ड जज की कमेटी बनाकर भी निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया है, उन्होंने यह आश्वासन दिया है की जो दोषी होंगे उसपर कार्रवाई जरूर होगी।
सरेंडर करने के बाद पुलिस ने मारी गोली!
गौरतलब है की भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बीते 17 जून को हुए कथित एनकाउंटर के दौरान भरत तिवारी पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान बाद में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ की स्थिति बनने पर आत्मरक्षा में गोली चलाई गई। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि हथियार फेंकने और सरेंडर करने के बाद पुलिस ने भरत तिवारी को गोली मारी है। भरत के आत्मसमर्पण और पिस्टल फेंकने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘दो दिन से मेरे पति गायब…’, तेज प्रताप यादव के PA की पत्नी ने अगमकुआं थाने में दर्ज कराई शिकायत

