Punjab Desk, लुधियाना: लुधियाना-अमृतसर नेशनल हाईवे पर रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यात्रियों से भरी एक एसी स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस बस में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 80 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, जिसके कारण किसी तरह की जानहानी नहीं हुई।
पढ़िए पूरी खबर
जानकारी के अनुसार, यह बस रविवार को लुधियाना के समराला चौक से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस बिजा गांव के पास पहुंची, पीछे के केबिन के नीचे बने लगेज कंपार्टमेंट से अचानक तेज धुआं निकलने लगा और फिर देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
यात्रियों में मची चीख-पुकार
बस के केबिन में धुआं फैलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ यात्रियों ने चलती बस से कूदने का प्रयास भी किया, जिसके कारण उन्हें मामूली चोटें आईं। ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और कंडक्टर ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी यात्रियों को नीचे उतारा।
आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को अपनी जान बचाने के अलावा कुछ सोचने का मौका नहीं मिला। बस में सवार सभी 80 यात्रियों का कीमती सामान, कपड़े और नकदी जलकर राख हो गए, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर कंकाल हो चुकी थी।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचीं प्रशासनिक अधिकारी स्वाति तिवाना ने पुष्टि की कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट या कोई तकनीकी खराबी मानी जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उन्हें उनके गंतव्य (UP) तक भेजने के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था कर दी गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

