करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा स्थित कोटिया कॉलोनी में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब घर में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल भी उसकी चपेट में आ गई और देखते ही देखते पूरे घर में धुआं भर गया।
घटना के समय घर के लोग अंदर मौजूद थे और धुएं के कारण सभी को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हालांकि समय रहते सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
चार्जिंग हटाने के बाद उठने लगा था धुंआ
स्कूटी मालिक शिव कुमार पंडित ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष बैटरी खराब होने पर करीब 22 हजार रुपये खर्च कर नई बैटरी लगवाई थी। बीती रात स्कूटी को चार्ज करने के बाद चार्जर हटा दिया गया था, लेकिन देर रात अचानक धुआं उठने लगा और फिर आग भड़क गई। आग बुझाने की कोशिश के दौरान बैटरी में धमाका भी हुआ, जिससे उनका हाथ झुलस गया।
साथ में जल गई 1.25 लाख रुपये की स्पोर्ट्स बाइक
परिवार के अनुसार, घर की ऊपरी मंजिल पर सात सदस्य सो रहे थे, जबकि नीचे दादी दर्शन देवी मौजूद थीं। सभी को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि धुएं के कारण दादी की तबीयत बिगड़ गई।सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी और पास खड़ी करीब 1.25 लाख रुपये की स्पोर्ट्स बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है।

