राजधानी दिल्ली के विकास मार्ग स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) परिसर में स्थित कार्यालय की दूसरी मंजिल पर सोमवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया और सुरक्षा कारणों से इमारत को खाली करा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं। इस बीच दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी (Atishi) ने इस घटना को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि आग की इस घटना में कहीं CBSE के ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM)’ सिस्टम से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज या रिकॉर्ड प्रभावित तो नहीं हुए।

आतिशी के अनुसार, OSM सिस्टम को लेकर पहले से ही देशभर में विवाद की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस प्रणाली के तहत आंसर शीट की अदला-बदली के लगभग 20 मामले सामने आए हैं, जबकि करीब 13,000 आंसर शीट की जांच मैन्युअल रूप से करनी पड़ी है। आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि कहीं इस आग में सीबीएसई के OSM (ऑन-स्क्रीन मार्किंग) सिस्टम से जुड़े दस्तावेज या टेंडर रिकॉर्ड तो प्रभावित नहीं हो गए। आतिशी ने अपने पोस्ट में यह भी पूछा कि कहीं कथित OSM घोटाले से जुड़े महत्वपूर्ण टेंडर दस्तावेज “रहस्यमय तरीके” से इस आग में नष्ट तो नहीं हो गए।

राजधानी दिल्ली के ITO स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) परिसर में सोमवार सुबह दूसरे तल पर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर ऑफिसर के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत राहत और बचाव दल को रवाना किया गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों ने मौके पर लगातार प्रयास किए। घटना के दौरान सुरक्षा कारणों से भवन को खाली करा लिया गया।

CBSE की आलोचना

राजधानी में CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस बीच आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इस मुद्दे पर सीबीएसई की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। सिसोदिया ने आरोप लगाया कि मार्किंग प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण छात्रों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि कई छात्र और अभिभावक कथित “सीबीएसई मार्किंग घोटाले” से परेशान हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बच्चों के भविष्य को प्रभावित करने वाली ऐसी स्थिति क्यों पैदा हो रही है, जिसमें छात्रों की मेहनत का सही मूल्यांकन नहीं हो पा रहा है। सिसोदिया के अनुसार, मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के कारण छात्रों के परिणाम प्रभावित हुए हैं और अभिभावकों को भी लगातार शिकायतों और असमंजस का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर इस घटना को लेकर टिप्पणी करते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा कि “जांच की आंच से पहले ही आग की आंच शिक्षा मंत्रालय तक पहुंच गई” और इसे एक “अद्भुत संयोग” बताया।

मनोज झा ने उठाए सवाल

आरजेडी नेता मनोज झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी गंभीर चिंताओं जैसे परीक्षाओं की विश्वसनीयता, परिणामों में गड़बड़ियां और छात्रों के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शिक्षा विभाग के भवन में आग लगने की खबर सामान्य नहीं मानी जा सकती। मनोज झा ने अपने बयान में कहा कि ऐसे समय में जब शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता की सबसे अधिक आवश्यकता है, उसी दौरान इस तरह की घटना कई गंभीर प्रश्न खड़े करती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष, गहन और समयबद्ध जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जनता का भरोसा कायम रह सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m